ऑक्सफोर्ड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का शैक्षणिक संवाद, डॉ. राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि

ऑक्सफोर्ड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का शैक्षणिक संवाद, डॉ. राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 25, 2026, 7:20:00 PM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ब्रिटेन प्रवास के दौरान ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित ऑल सोल्स कॉलेज का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात दार्शनिक और शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन भारतीय बौद्धिक परंपरा के ऐसे स्तंभ थे, जिनका सेंट जॉन्स कॉलेज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से गहरा और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है।

मुख्यमंत्री ने ऑक्सफोर्ड से डॉ. राधाकृष्णन के लंबे संबंधों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1936 में उन्हें ऑक्सफोर्ड में ईस्टर्न रिलिजन्स एंड एथिक्स का स्पाल्डिंग प्रोफेसर नियुक्त किया गया था। इसी दौरान वे ऑल सोल्स कॉलेज के फेलो बने और 1952 तक इस पद पर रहे। इसके बाद 1952 से 1975 तक उन्हें कॉलेज का मानद फेलो भी चुना गया। ऑक्सफोर्ड में उनके कार्यकाल के दौरान उन्हें एक ऐसे दार्शनिक के रूप में व्यापक सम्मान मिला, जिन्होंने पूर्वी और पश्चिमी विचारधाराओं के बीच सेतु का कार्य किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए 1931 में ब्रिटेन के सम्राट किंग जॉर्ज पंचम ने उन्हें ‘नाइटहुड’ की उपाधि से सम्मानित किया था।

इस अवसर पर ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की मानवविज्ञान प्रोफेसर अल्पा शाह ने झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बैठक में झारखंड और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देने पर विचार-विमर्श हुआ। चर्चा के दौरान झारखंड के छात्रों के लिए डॉक्टोरल स्कॉलरशिप, संयुक्त शोध कार्यक्रम, फैकल्टी एक्सचेंज और जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, जनजातीय कल्याण व सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर साझा शोध पहलों की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षा और अनुसंधान को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि झारखंड सरकार वैश्विक शैक्षणिक साझेदारियों में निवेश के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य की शैक्षणिक संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से युवा शोधकर्ताओं को समर्थन देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

ऑल सोल्स कॉलेज के भ्रमण के बाद झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक रैडक्लिफ कैमरा का भी दौरा किया। 18वीं शताब्दी में निर्मित यह प्रसिद्ध गोलाकार पुस्तकालय बोडलियन लाइब्रेरी का अहम हिस्सा है और विश्वभर में ज्ञान, शोध और बौद्धिक परंपरा का प्रतीक माना जाता है।

इस पूरे दौरे को झारखंड और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक सहयोग की नींव रखने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल साझा बौद्धिक विरासत और भविष्य उन्मुख अकादमिक सहभागिता पर आधारित है तथा यूके–इंडिया 2035 साझेदारी के व्यापक दृष्टिकोण से भी मजबूती से जुड़ी हुई है।