पांच दिनों के दिल्ली प्रवास के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को रांची वापस लौट आए। राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रम के बाद वे शुक्रवार शाम दिल्ली गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ रहीं और आज दोनों एक साथ रांची पहुंचे।
मुख्यमंत्री के लम्बे दिल्ली प्रवास ने राज्य के राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाओं और कयासों को हवा दे दी थी। सत्ता संतुलन में संभावित बदलाव से लेकर दिल्ली में भाजपा नेताओं से मुलाकात तक की कई अफवाहें फैल गई थीं। सरकारी स्तर से सीएम की गतिविधियों की स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण अटकलें और तेज हो गई थीं।
हालांकि, जैसे ही वे रांची लौटे, सभी तरह की अफवाहों और चर्चाओं पर विराम लग गया। वहीं, मुख्यमंत्री की वापसी के बाद JSSC–CGL परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद देने और जल्द नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग रखने को उत्सुक हैं।