चाईबासा में हाईवोल्टेज ड्रामा! आ*त्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप

चाईबासा में हाईवोल्टेज ड्रामा! आ*त्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 15, 2026, 1:50:00 PM

पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा स्थित पोस्ट ऑफिस चौक पर बुधवार को चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई। हेलमेट नहीं पहनने के कारण रोके गए एक युवक ने कार्रवाई से नाराज होकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) की त्वरित कार्रवाई से उसे समय रहते रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

जानकारी के मुताबिक, जिला परिवहन विभाग की टीम पोस्ट ऑफिस चौक पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट बुलेट चला रहे मनीष पूर्ति को जांच के लिए रोका गया। पूछताछ के दौरान युवक अचानक उत्तेजित हो गया। उसने अपने पास मौजूद बोतल से पेट्रोल निकालकर शरीर पर डाल लिया और लाइटर की मदद से खुद को आग लगाने का प्रयास किया।

घटनास्थल पर मौजूद सड़क सुरक्षा कर्मियों, पुलिस बल और जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए युवक को काबू में कर लिया। उनकी फुर्ती के कारण युवक आग नहीं लगा सका और संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए पोस्ट ऑफिस चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए।

युवक को बाद में सदर थाना ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और अल्कोहल टेस्ट कराया गया। जांच में यह पुष्टि हुई कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसके बाद जिला परिवहन विभाग की ओर से उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इधर, वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 25 वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे हेलमेट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।