रांची में प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम सम्पन्न, तीन हजार से अधिक झारखंड आंदोलनकारियों को मिला सम्मान

रांची में प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम सम्पन्न, तीन हजार से अधिक झारखंड आंदोलनकारियों को मिला सम्मान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 03, 2025, 5:21:00 PM

मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आज झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र सौंपने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर आयोजित इस समारोह में तीन हजार से अधिक अधिसूचित आंदोलनकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने विशिष्ट आंदोलनकारियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण-पत्र देकर सरकार की ओर से उनके संघर्ष को सम्मानित किया और आभार जताया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी ही राज्य की नींव हैं और उनके बलिदान व संघर्ष को हमेशा सम्मान की दृष्टि से याद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन आंदोलनकारियों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार प्रयासरत है।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना का आधार आंदोलनकारियों का त्याग रहा है, और आगे भी वे राज्य और जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। रांची जिला प्रशासन ने इस आयोजन से स्पष्ट संदेश दिया कि आंदोलनकारियों का योगदान राज्य के लिए गौरव का विषय है और उनकी सुविधाओं और सम्मान की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।