CCTV की फाइल दबाना पड़ा भारी, गृह विभाग के दो अधिकारी सस्पेंड

CCTV की फाइल दबाना पड़ा भारी, गृह विभाग के दो अधिकारी सस्पेंड

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 18, 2026, 10:10:00 AM

झारखंड सरकार ने प्रशासनिक कार्यों में गंभीर लापरवाही और महत्वपूर्ण सरकारी प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप में गृह विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभाग में अवर सचिव के पद पर कार्यरत संजय कुमार झा और संयुक्त सचिव मनीषा जोसेफ तिग्गा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मामला सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से जुड़ी एक अहम सरकारी फाइल से संबंधित है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित फाइल को आगे नहीं बढ़ाया गया। लंबे समय तक फाइल लंबित रहने के कारण पूरे मामले की समीक्षा कराई गई, जिसके बाद इसकी विस्तृत जांच भी की गई।

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध रही और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई जानबूझकर लंबित रखी गई। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि फाइल को बिना उचित कारण आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए अवर सचिव संजय कुमार झा और संयुक्त सचिव मनीषा जोसेफ तिग्गा को निलंबित करने का निर्णय लिया। इस कार्रवाई को सरकारी कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।