चिटफंड घोटाले की जांच में जुटी CBI, पलामू में निवेशकों से पूछताछ

चिटफंड घोटाले की जांच में जुटी CBI, पलामू में निवेशकों से पूछताछ

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 09, 2026, 5:42:00 PM

झारखंड के पलामू जिले में चिटफंड से जुड़े मामलों की जांच को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम सोमवार को पहुंची। एजेंसी यहां उन निवेश योजनाओं की जांच कर रही है, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने वर्षों पहले अपनी जमा पूंजी लगाई थी।

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि जिन निवेशकों ने इन कंपनियों में पैसा लगाया था, उन्हें उनकी जमा राशि वापस मिली है या नहीं। इस संबंध में टीम संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों और शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

इससे पहले 11 दिसंबर 2025 को भी सीबीआई की टीम पलामू आई थी। उस दौरान एजेंसी ने चिटफंड से जुड़ी आठ अलग-अलग संस्थाओं के कर्मचारियों से पूछताछ की थी और मामले से जुड़े कई तथ्यों की पड़ताल की थी।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कुछ निवेशकों को उनकी राशि लौटा दी गई है, लेकिन अब भी कई ऐसे लोग हैं जिन्हें अपनी जमा रकम वापस नहीं मिल सकी है और वे इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

बताया जाता है कि वित्तीय वर्ष 2011 से 2014 के बीच जिले में इणडस हाउस, साक्षी फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एग्रो सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी, महिला सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी और अहिल्याबाई जागृति महिला सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी जैसी कई संस्थाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया गया था।

इन योजनाओं में पैसा लगाने वाले कई निवेशक अब भी अपनी जमा राशि की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में सीबीआई की जांच से उम्मीद की जा रही है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और प्रभावित लोगों को न्याय मिल सकेगा।