रांची के जाने-माने बिल्डर और कारोबारी अनुराग सरावगी (45 वर्ष) ने गुरुवार देर रात ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
अनुराग सरावगी शहर के मेन रोड स्थित जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर भी थे। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वह अपने फ्लैट में अकेले थे। उनकी पत्नी और दोनों बच्चे उस समय तमिलनाडु में रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे।
अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड के अनुसार, रात में जब सभी लोग सो चुके थे, तभी अचानक ऊपर से किसी के गिरने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो अनुराग सरावगी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटनास्थल पर अनुराग का मोबाइल फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक टीम ने मोबाइल को जब्त कर लिया है ताकि तकनीकी जांच के जरिए कोई अहम सुराग मिल सके। जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे। वहीं, दूसरे फ्लोर पर स्थित उनका एक अन्य फ्लैट अंदर से बंद पाया गया, जिसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को दिए बयान में घर की नौकरानी ने बताया कि अनुराग जब घर लौटे थे, तब वह फोन पर किसी से जोर-जोर से बहस कर रहे थे और काफी नाराज नजर आ रहे थे। नौकरानी के अनुसार, बातचीत के बाद वह अचानक बाहर चले गए और कुछ देर बाद बालकनी से गिरने की आवाज सुनाई दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को एक संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।