रातू हत्याकांड मामले में खुलासा! मृतक का दोस्त ही निकला आरोपी

रातू हत्याकांड मामले में खुलासा! मृतक का दोस्त ही निकला आरोपी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 30, 2026, 2:06:00 PM

रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के करीबी दोस्त ने ही दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 23 जनवरी की शाम की है, जब रातू थाना क्षेत्र के नयाटोली सिमलिया स्थित एक स्कूल के समीप एक युवक का शव बरामद किया गया था। बाद में उसकी पहचान डेविड के रूप में हुई, जो किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण रांची के पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अजय लिंडा नामक युवक को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान अजय लिंडा ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार मृतक ने आरोपी से कुछ समय पहले पैसे उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। 23 जनवरी की शाम दोनों ने साथ में शराब पी, जिसके बाद हुए विवाद में अजय ने डेविड की हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।