बोकारो : अब खेल के मैदान में दिखेगा वर्दीधारियों का जोश, पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

बोकारो : अब खेल के मैदान में दिखेगा वर्दीधारियों का जोश, पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 18, 2026, 1:04:00 PM

बोकारो पुलिस केंद्र में रविवार को खेल और प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखने को मिला, जहां तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में बोकारो और धनबाद जिला पुलिस बल के लगभग 250 पुलिसकर्मी-खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और फिटनेस का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर उत्तरी छोटा नागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, सामूहिक समन्वय और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर की पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध होंगे।

इस मौके पर बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि तनाव कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ी अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस बल के जवानों की खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर भी मिलेगा।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट