बोकारो बाल सुधार गृह में स्वास्थ्य संकट! वायरल फीवर की चपेट में आये बच्चे

बोकारो बाल सुधार गृह में स्वास्थ्य संकट! वायरल फीवर की चपेट में आये बच्चे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 24, 2026, 11:49:00 AM

बोकारो जिले के बाल सुधार गृह में एक साथ कई किशोरों के अस्वस्थ होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। गुरुवार को चिकित्सकों की टीम सुधार गृह पहुंची, जहां सभी प्रभावित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक सैंपल भी एकत्र किए गए। अधिक गंभीर लक्षण पाए जाने पर दो किशोरों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सुधार गृह में कुल 14 किशोरों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। इनमें से दो बच्चों को तेज खांसी, बुखार और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य बच्चों की निगरानी सुधार गृह परिसर में ही की जा रही है। फिलहाल सदर अस्पताल में तीन किशोर चिकित्सकों की विशेष निगरानी में हैं।

जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले भी बाल सुधार गृह से बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर 16 किशोरों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद 15 बच्चों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें वापस सुधार गृह भेज दिया गया। हालांकि, गुरुवार को दोबारा कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम फिर मौके पर पहुंची और आवश्यक कदम उठाए।

सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए बाल सुधार गृह में अस्थायी रूप से अस्पताल जैसी व्यवस्था विकसित की गई है, जहां दो चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम चौबीसों घंटे बच्चों की देखभाल करेगी। साथ ही, प्रतिदिन सुबह और शाम स्वास्थ्य संबंधी मेडिकल बुलेटिन भी जारी किया जाएगा।

वहीं, चिकित्सक डॉ. विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अधिकांश किशोर वायरल फीवर से प्रभावित पाए गए हैं। जिन दो बच्चों की हालत अपेक्षाकृत कमजोर थी, उन्हें अतिरिक्त निगरानी के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। सभी मरीजों की आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने मौसम में हो रहे बदलाव को इस संक्रमण का संभावित कारण बताया।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट