रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की आगामी 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में राज्यभर में चलाए जाने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक न्याय, सेवा और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संत रविदास भारतीय संत परंपरा के ऐसे महान संत थे जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी अगले छह माह से अधिक समय तक चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। उन्होंने बताया कि काशी से लाई जाने वाली पवित्र मिट्टी के कलश की यात्रा जिन-जिन स्थानों से होकर गुजरेगी, वहां भाजपा कार्यकर्ता पारंपरिक तरीके से उसका स्वागत करेंगे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दलित समाज की बात करने के बावजूद उसने संत रविदास के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया।
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संत रविदास के जीवन और उनके सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जातीय भेदभाव के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और समाज में समानता की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्मों से होती है और संत रविदास का जीवन सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष का प्रेरक उदाहरण है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय इकाई के निर्देश पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान 20 फरवरी 2027 को मनाई जाने वाली संत रविदास की 650वीं जयंती तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य समाज में समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता के मूल्यों को मजबूत करना है।
अमर कुमार बाउरी ने जानकारी दी कि अभियान के तहत झारखंड के सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा संत रविदास की जन्मस्थली काशी से पवित्र मिट्टी लाने के लिए एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा। यह टोली 29 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और रांची होते हुए राज्य में प्रवेश करेगी। बाद में इस पवित्र मिट्टी को विभिन्न मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा और पूरे मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवनकाल में सामाजिक कुरीतियों, छुआछूत और जातिगत भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई थी। भाजपा इसी संदेश को लेकर गांव-गांव तक पहुंचेगी और समाज में समरसता का वातावरण मजबूत करने का प्रयास करेगी।
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, गणेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन सहित प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष, प्रभारी और अभियान से जुड़े जिला स्तरीय संयोजक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।