बेंगलुरु : रियल एस्टेट दिग्गज और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने खुद को गोली मारी, मौ*त

बेंगलुरु : रियल एस्टेट दिग्गज और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने खुद को गोली मारी, मौ*त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 31, 2026, 5:29:00 PM

बेंगलुरु के सेंट्रल इलाके में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे (चिरियनकांडथ जोसेफ) रॉय ने अपने कार्यालय में खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, रिचमंड सर्कल के पास स्थित कंपनी कार्यालय में यह घटना दोपहर लगभग 3:15 बजे हुई।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से रॉय के दफ्तर में आयकर विभाग की तलाशी और पूछताछ चल रही थी। आत्महत्या की सूचना मिलते ही आयकर अधिकारी मौके से रवाना हो गए और जांच की प्रक्रिया को बीच में ही रोक दिया गया।

करीब 9,000 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के मालिक रॉय अपनी भव्य जीवनशैली के लिए भी जाने जाते थे। उनके पास निजी जेट के साथ 200 से अधिक लग्जरी कारें थीं, जिनमें 12 रोल्स रॉयस शामिल बताई गई हैं। केरल के मूल निवासी रॉय का कारोबार कर्नाटक के साथ-साथ दुबई तक फैला हुआ था। कॉन्फिडेंट ग्रुप केरल और कर्नाटक में सक्रिय एक प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर है।

पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त दफ्तर परिसर में कोई भी आयकर अधिकारी मौजूद नहीं था। जांच के तहत बेंगलुरु पुलिस आयकर विभाग से संबंधित दस्तावेज और जानकारियां हासिल करेगी। इस बीच, रॉय की पत्नी लिनी रॉय और बेटा रोहित शनिवार को बॉवरिंग अस्पताल के पोस्टमॉर्टम सेंटर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच केवल अप्राकृतिक मौत तक सीमित नहीं रहेगी। आत्महत्या के लिए उकसाने की संभावना को भी कानूनी दृष्टि से परखा जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने पुष्टि की कि कॉन्फिडेंट ग्रुप के एक निदेशक ने इस संबंध में पहले ही शिकायत दर्ज कराई है। दफ्तर परिसर से सबूत जुटाए जा रहे हैं और रिकॉर्ड व बयानों की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, केरल आयकर विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से रोजाना रॉय से पूछताछ कर रही थी। रॉय के बड़े भाई ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय एजेंसी के दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। उनका कहना है कि रॉय पर किसी प्रकार का कर्ज नहीं था और आयकर अधिकारियों को यह बताना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में यह स्थिति बनी।

परिवार के अनुसार, आयकर विभाग की टीम पहली बार 3 दिसंबर 2025 को केरल से बेंगलुरु आई थी और कुछ दिनों तक यहां रुकी थी। इसके बाद 28 जनवरी को टीम दोबारा पहुंची और सीजे रॉय को दुबई से बुलाया गया। रॉय अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी रिया को छोड़ गए हैं।