BCCL की विशेष ई-नीलामी को जबरदस्त शुरुआत, पहले दिन ही 2.36 लाख टन कोयले की बुकिंग

BCCL की विशेष ई-नीलामी को जबरदस्त शुरुआत, पहले दिन ही 2.36 लाख टन कोयले की बुकिंग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 21, 2026, 11:06:00 AM

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) द्वारा कोल स्टॉक कम करने और बाजार में बिक्री को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई विशेष ई-नीलामी को पहले ही दिन उम्मीद से बेहतर प्रतिसाद मिला। बुधवार से शुरू हुए इस अभियान में कोयले की मांग में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया, जिसमें रेल और सड़क दोनों माध्यमों से बड़ी मात्रा में बुकिंग हुई।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन कुल 2,36,850 टन कोयले की बुकिंग दर्ज की गई। इसमें रेल परिवहन के जरिए 45 रेक के लिए लगभग 1,80,000 टन कोयले की मांग सामने आई, जबकि सड़क मार्ग से 56,850 टन की बुकिंग हुई। यह आंकड़ा नीलामी की मजबूत शुरुआत को दर्शाता है।

कंपनी ने इस तीन दिवसीय ई-ऑक्शन में उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में प्रति टन 100 से 600 रुपये तक की छूट दी है। इस अवधि में भाग लेने वाले खरीदार इस रियायत का लाभ उठा सकते हैं। नीलामी के लिए BCCL ने कुल 23.5 लाख टन कोकिंग और वाश कोल उपलब्ध कराया है।

कंपनी का मानना है कि इस तरह की पहल से बाजार में कोयले की उपलब्धता बेहतर होगी और मांग-आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को समय पर कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 14 मार्च को BCCL ने उपभोक्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने के लिए एक बैठक आयोजित की थी, जिसमें खरीदारों ने खरीद बढ़ाने का भरोसा दिया था। कंपनी के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पहले दिन के परिणामों पर संतोष जताते हुए कहा कि यह सफलता ग्राहक-उन्मुख रणनीतियों का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के प्रयास भविष्य में आपूर्ति तंत्र को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाएंगे।