अग्निवीर भर्ती 2027: रांची आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस ने शुरू किया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 1 अप्रैल तक करें आवेदन

अग्निवीर भर्ती 2027: रांची आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस ने शुरू किया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 1 अप्रैल तक करें आवेदन

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 16, 2026, 11:12:00 AM

भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा लागू अग्निपथ योजना के तहत होने वाली अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए रांची स्थित आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में युवाओं को चार वर्षों की अवधि के लिए अग्निवीर के रूप में नियुक्त किया जाता है।

जानकारी के अनुसार, इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 13 फरवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सेना की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवेदन केवल तय समय सीमा के भीतर ही स्वीकार होंगे, इसलिए उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार करने से बचने की सलाह दी गई है।

इस भर्ती अभियान में केवल अविवाहित पुरुष उम्मीदवारों को आवेदन करने की अनुमति दी गई है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आवेदन के दौरान सभी जरूरी जानकारियां सावधानीपूर्वक और सही तरीके से भरें, ताकि बाद में किसी गलती के कारण आवेदन निरस्त न हो।

भर्ती कार्यालय द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि गलत या अधूरी जानकारी देने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। भर्ती से संबंधित संपूर्ण अधिसूचना, पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, मेडिकल मानक और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ‘जॉइन इंडियन आर्मी’ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ने और सभी शर्तों की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

सेना भर्ती कार्यालय ने यह भी चेतावनी दी है कि अक्सर अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी परेशानी हो सकती है। ऐसे में उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को की गई थी, जिसके तहत युवाओं को सशस्त्र बलों में सेवा का अवसर मिलता है। यह योजना देश सेवा के साथ-साथ अनुशासन, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिहाज से युवाओं के लिए एक अहम अवसर मानी जा रही है।

आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़े अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी नए बदलाव या सूचना से वे समय पर अवगत रह सकें।