JPSC विवाद के बीच आयोग का बड़ा फैसला! अगले आदेश तक मुख्य परीक्षा स्थगित

JPSC विवाद के बीच आयोग का बड़ा फैसला! अगले आदेश तक मुख्य परीक्षा स्थगित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 22, 2026, 5:56:00 PM

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित करने की घोषणा की है। आयोग के अनुसार, 25, 26 और 27 जुलाई को रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली यह परीक्षा फिलहाल नहीं कराई जाएगी। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी।

यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है, जब प्रारंभिक परीक्षा (PT) के परिणाम को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कथित अनियमितताओं की जांच सीआईडी और रांची पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है। इसी बीच आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के इस्तीफे ने भी पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।

परिणाम घोषित होते ही शुरू हुआ विवाद

14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद से ही अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे। कई उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि OMR शीट के आधार पर परिणाम में व्यापक गड़बड़ियां हुई हैं। उनका दावा है कि अपेक्षाकृत कम अंक पाने वाले कुछ अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया, जबकि बड़ी संख्या में अन्य राज्यों, विशेषकर हरियाणा के अभ्यर्थियों का चयन भी विवाद का विषय बना।

इन आरोपों के बाद अभ्यर्थियों ने JPSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की।

जांच एजेंसियां सक्रिय

परीक्षा विवाद को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी लगातार आंदोलन कर रहा है। रांची समेत राज्य के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन और मशाल जुलूस आयोजित किए गए। बुधवार को रांची में प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर आयोग के मुख्य द्वार तक पहुंच गए, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।

उधर, मामले की जांच कर रही सीआईडी और रांची पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के क्रम में JPSC की असिस्टेंट परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की सूचना है। इसके अलावा कई कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी के कार्यालय से भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लेकर कार्यालय को सील कर दिया गया है। मुख्य परीक्षा स्थगित होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर जांच की प्रगति और आयोग की ओर से नई परीक्षा तिथियों की घोषणा पर टिकी हुई है।