लंबे इंतजार के बाद टाटा जू में गूंजी किलकारी, बाघिन मेघना बनी दो शावकों की मां

लंबे इंतजार के बाद टाटा जू में गूंजी किलकारी, बाघिन मेघना बनी दो शावकों की मां

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 31, 2025, 2:38:00 PM

झारखंड में वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को मजबूती देने वाली एक उत्साहजनक खबर जमशेदपुर से सामने आई है। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की बाघिन मेघना ने दो शावकों को जन्म दिया है, जिससे न केवल चिड़ियाघर प्रबंधन बल्कि शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, मेघना ने 27 नवंबर को दोनों शावकों को जन्म दिया था। मां और शावकों की सुरक्षा तथा तय प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए इस जानकारी को कुछ समय बाद सार्वजनिक किया गया। फिलहाल दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अनुभवी पशु चिकित्सकों और केयर स्टाफ की निगरानी में मां और उसके बच्चे सुरक्षित वातावरण में हैं।

इस अवसर को आम लोगों से जोड़ने के लिए टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क प्रबंधन जल्द ही शावकों के नामकरण के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित करेगा। इसमें जमशेदपुर के नागरिक अपने सुझाव दे सकेंगे। चुने गए नाम देने वाले प्रतिभागियों को प्रबंधन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बाघिन मेघना और शावकों के पिता रुद्र के नाम भी पहले नागरिकों की भागीदारी से आयोजित नामकरण प्रतियोगिता के जरिए तय किए गए थे। ये दोनों बाघ नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाए गए थे और दोनों वन्य मूल के हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने की इस पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा और शावकों के नामकरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सहभागितापूर्ण होगी।