जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड सभागार में गुरुवार को श्रम विभाग की ओर से असंगठित, निर्माण एवं प्रवासी श्रमिकों के पंजीकरण को लेकर समीक्षा एवं रणनीति बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी ने की, जबकि श्रम अधीक्षक देव कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में नाला और नारायणपुर के प्रवर्तन पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी शुभम यादव, बीपीओ निखिल कुमार, विभिन्न पंचायतों के मुखिया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में श्रमिकों के व्यापक पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक पंचायत में विशेष सर्वे अभियान चलाकर ऐसे असंगठित, निर्माण एवं प्रवासी श्रमिकों की पहचान की जाएगी, जिनका अब तक श्रमिक निबंधन नहीं हो पाया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र श्रमिकों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि वे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
श्रम अधीक्षक देव कुमार मिश्रा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और अधिक से अधिक मजदूरों को उनसे जोड़ना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देश के तहत जामताड़ा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के समापन पर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वे एवं पंजीकरण कार्य पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नाला पंचायत के मुखिया अजित मुर्मू, कास्ता पंचायत के मुखिया मिनिसर मुर्मू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट