राजधानी रांची में देर रात एक तेज रफ्तार थार वाहन ने कई लोगों को कुचल दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
सिटी एसपी पारस राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी लोग अमरावती क्षेत्र में आयोजित एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक की कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद युवक ने कथित तौर पर थार में बैठकर वाहन को तेज गति से चलाते हुए अपने ही साथियों पर चढ़ा दिया।
इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान धर्मेंद्र नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।