रांची में 24 सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक साथ मिला पेंशन लाभ और विदाई सम्मान

रांची में 24 सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक साथ मिला पेंशन लाभ और विदाई सम्मान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 31, 2026, 5:08:00 PM

रांची जिला प्रशासन ने शिक्षक सम्मान और कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए आज एक विशेष पेंशन दरबार सह सेवा-निवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया। समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने की। आयोजन का उद्देश्य सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित करना और रिटायरमेंट के दिन ही पेंशन, ग्रेच्युटी सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभ उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर कुल 24 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने शिक्षकों को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य शिक्षकों की मेहनत और मूल्यों पर टिका होता है। उनका योगदान किसी भी सम्मान से बड़ा है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी पेंशन संबंधी लाभ देना प्रशासन की कर्मचारी-हितैषी सोच और संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह प्रयास इसलिए किया गया है ताकि शिक्षक बिना किसी मानसिक या आर्थिक चिंता के जीवन की नई शुरुआत कर सकें। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से आग्रह किया कि वे इस नए अध्याय में स्वयं को सक्रिय रखें, सामाजिक कार्यों से जुड़ें, नई रुचियों को अपनाएं और परिवार के साथ समय बिताएं। उन्होंने सभी के स्वस्थ, दीर्घ और सुखद जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज और शिक्षा विभाग की पूरी टीम की सराहना की। इस मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

शिक्षक कल्याण को प्राथमिकता
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन रांची जिला प्रशासन की उस निरंतर नीति का हिस्सा है, जिसमें शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान, समयबद्ध लाभ वितरण और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने अन्य विभागों से भी इस तरह की पहल अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सेवानिवृत्त कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास, पारदर्शिता और मानवीय दृष्टिकोण को भी सुदृढ़ करते हैं।

सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक/शिक्षिकाएं
इस समारोह में आत्म प्रकाश पंडा, महेन्द्र सिंह मुंडा, लक्ष्मीकांत सेठ, काशीनाथ महतो, अरुण कोनगाड़ी, त्रिदीप कुमार साहू, नीना ममता दास, आभा खलखो, रूपचंद उरांव, मिलट्रेड सलोमी बड़ा, मनम्यार भगत, प्रमोद कुमार, रामचंद्र लोहरा, प्रभा सुभाषी मिंज, बिनको लकड़ा, अवधेश कुमार गुप्ता, शिखर महतो, भूषण प्रसाद, ब्रजेश कुमार मिश्र, अवधेश प्रसाद, नूतन कुमारी, जतरी कुजूर और शीला कुमारी तिग्गा को सम्मानित किया गया।