रामगढ़ : बारलोंग में भीषण सड़क हादसा, ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की गई जान

रामगढ़ : बारलोंग में भीषण सड़क हादसा, ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की गई जान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 26, 2026, 10:00:00 AM

रामगढ़-बोकारो मुख्य सड़क पर गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। बारलोंग के समीप कोयले से भरे एक एलपी ट्रक और यात्रियों से भरे पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में ताशा पार्टी के सदस्य गोला क्षेत्र से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को संभलने का अवसर तक नहीं मिला।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बाहर निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और एक घायल को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की संभावना है।

मृतकों में छह लोग मारंग मर्चा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि सातवें मृतक की पहचान क्षेत्र के एक समाजसेवी के रूप में हुई है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के निकट हुए हादसे में सात लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।