चुटुपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर पलटा, घंटों जाम रहा रांची-पटना मुख्य मार्ग, चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल

रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटुपालू घाटी में बुधवार को रांची की ओर से आ रहा सरिया लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर ट्रेलर के पलट जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

रामगढ़ : रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटुपालू घाटी में बुधवार को रांची की ओर से आ रहा सरिया लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर ट्रेलर के पलट जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और मुख्य मार्ग पर घंटों लंबा जाम लग गया। जाम के कारण रांची और हजारीबाग की ओर आने-जाने वाले वाहनों में सवार यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद घंटों की मशक्कत के बाद यातायात सुचारू रूप से चालू कराया गया। वहीं, दुर्घटना में ट्रेलर चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पुलिस की मदद से इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण चुटुपालू घाटी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।