ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड कैंपस के 7 क्वार्टरों में चोरी, छानबीन में जुटी पुलिस

जिले के रेहला में ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर के भीतर सात स्टाफ क्वार्टरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। इन क्वार्टरों में कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रहते हैं। त्योहार के दौरान इन क्वार्टरों में रहने वाले लोग अपने-अपने घर गए हुए थे।

पलामू : जिले के रेहला में ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर के भीतर सात स्टाफ क्वार्टरों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। इन क्वार्टरों में कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी रहते हैं। दुर्गा पूजा के त्योहार के दौरान इन क्वार्टरों में रहने वाले लोग अपने-अपने घर गए हुए थे। चोरों ने इन सभी क्वार्टरों के दरवाजे तोड़कर या काटकर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रेहला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है

घटना की सूचना मिलने पर रेहला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों का पता लगाने के लिए स्निफर डॉग्स की भी मदद ले रही है। ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नितेश पांडे ने इस घटना की पुष्टि की है। वहीं रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक सात क्वार्टरों में चोरी की जानकारी मिली है, जबकि अन्य क्वार्टरों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर एक हाई-सिक्योरिटी जोन है, जो चारों तरफ से एक दीवार से घिरा हुआ है

गौरतलब है कि रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर एक हाई-सिक्योरिटी जोन है, जो चारों तरफ से एक दीवार से घिरा हुआ है। चोर परिसर के अंदर कैसे दाखिल हुए, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। हालांकि, चोरी हुई वास्तविक संपत्ति का पता नहीं चल पाया है। लेकिन आशंका है कि लाखों रुपये कीमती वस्तुएं और गहने चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।