सांसद ने लिखा पत्र, जल्द इन मार्गों को दुरूस्त करे सरकार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 2:25:00 PM

पलामू जिले के सांसद विष्णु दयाल राम ने जिले की तीन अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जर्जर सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण करने के लिए पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार, के प्रधान सचिव सुनील कुमार, उपायुक्त पलामू एवं कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, डालटनगंज को पत्र लिखकर अनुरोध किया है। इन्होंने कहा कि इन सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना होने की आशंका लगातार बनी रहती है।

राम ने कहा है कि ये तीनों सड़कें पलामू जिले के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही से जुड़ी हुई हैं। इनका शीघ्र निर्माण न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि विकास, व्यापार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी डालटनगंज-पांकी रोड के पोखराहा मोड़ से बढ़कागांव होते हुए पीडब्ल्यूडी डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड़ के खनवां चौक तक लगभग सात किलोमीटर सड़क का निर्माण एवं चौड़ीकरण शामिल है। वर्तमान में यह सड़क आरईओ के अधीन होने के कारण काफी संकीर्ण एवं जर्जर है, जिससे दो वाहनों का एक साथ आवागमन कठिन हो जाता है। दोनों ओर पथ निर्माण विभाग की प्रमुख सड़कें होने के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इसे पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर चौड़ी एवं सुदृढ़ सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

डालटनगंज छः मुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक लगभग तीन किलोमीटर सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा दोनों ओर नाली नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आसपास के घरों में भी पानी भरने की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर आक्रोश है। इस सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि डालटनगंज-पांकी मुख्य सड़क के पोखराहा से मेडिकल कॉलेज तक लगभग तीन किलोमीटर सड़क अत्यंत संकीर्ण एवं जर्जर हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज सहित आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते यातायात को देखते हुए इस सड़क का चौड़ीकरण एवं नए सिरे से निर्माण अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट