पलामू : पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत हैदरनगर रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 50/टी/ एसपीएल पर एक तेज रफ्तार तीन पहिया टेम्पो ने रेलवे फाटक के बूम को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने टेंपो चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष डीडीयू से सूचना मिली कि हैदरनगर गेट संख्या 50 का अप साइड का बूम किसी वाहन द्वारा टक्कर मारकर तोड़ दिया गया है।
ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर से गाड़ी आने की सूचना मिलने पर वह गेट बंद कर रहे थे - गेटमैन राजेश कुमार
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जपला के उपनिरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी रितु रंजन कुमार राय, प्रधान आरक्षी कमलेश सिंह यादव और वरीय अनुभाग अभियंता सिग्नल जपला ज्ञान प्रकाश भारती अपनी टीम के साथ सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर घटना स्थल पर पहुंचे। जांच में गेट का बूम क्षतिग्रस्त पाया गया। मौके पर तैनात गेटमैन राजेश कुमार ने बताया कि ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर से गाड़ी आने की सूचना मिलने पर वह गेट बंद कर रहे थे, तभी पश्चिम दिशा से पूर्व दिशा की ओर तेज गति से आ रहे तीन पहिया टेम्पो संख्या जेएच 3एबी/1903 के चालक अनवर खान निवासी करीमनडीह मोकहर कलां थाना हैदरनगर जिला पलामू ने बूम में टक्कर मार दी और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटनास्थल पर अधिकारियों ने संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार की
घटनास्थल पर अधिकारियों ने संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार की। क्षतिग्रस्त बूम की अनुमानित कीमत छह हजार रुपए आंकी गई है। गेटमैन के लिखित शिकायत पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जपला में कांड संख्या 293/2026 18 अक्टूबर दो 2026 के तहत धारा 160 (2) रेल अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान स्लाइडिंग बूम से परिचालन कार्य चलता रहा, जिससे किसी भी ट्रेन का परिचालन बाधित नहीं हुआ। मामले की जांच का जिम्मा सहायक उप निरीक्षक रियाज खान को सौंपा गया है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट