सीमा झा ने पति उदय ओझा को किडनी देकर पेश की प्रेम और त्याग की अनुपम मिसाल

वरिष्ठ पत्रकार उदय ओझा को मिला पत्नी का जीवनदान, सीमा झा के साहस एवं समर्पण को नमन किया। प्रेम, विश्वास और समर्पण की वास्तविक पहचान कठिन परिस्थितियों में होती है।

पलामू : वरिष्ठ पत्रकार उदय ओझा को मिला पत्नी का जीवनदान, सीमा झा के साहस एवं समर्पण को नमन किया। प्रेम, विश्वास और समर्पण की वास्तविक पहचान कठिन परिस्थितियों में होती है। हुसैनाबाद के वरिष्ठ पत्रकार उदय ओझा के जीवन में उनकी पत्नी सीमा झा ने अपने त्याग और साहस से इसी भावना को साकार कर दिया है। 56 वर्षीय सीमा झा ने अपने 58 वर्षीय पति उदय ओझा को अपनी एक किडनी दान कर वैवाहिक जीवन के प्रेम, निष्ठा और मानवीय संवेदना की ऐसी मिसाल पेश की है, जो समाज के लिए लंबे समय तक प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

सीमा महिला प्रवेशिका के पद पर कार्यरत हैं, पति उदय ओझा की किडनी संबंधी गंभीर समस्या को देखते हुए उन्होंने अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा झा महिला प्रवेशिका के पद पर कार्यरत हैं। पति उदय ओझा की किडनी संबंधी गंभीर समस्या को देखते हुए उन्होंने अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक किडनी प्रत्यारोपण किया। इस प्रत्यारोपण में डॉ. यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राहत की बात है कि ऑपरेशन के बाद दोनों पति-पत्नी होश में हैं और सकुशल बताए जा रहे हैं। सीमा झा का यह निर्णय केवल पति के प्रति उनके व्यक्तिगत प्रेम का परिचायक नहीं है, बल्कि यह त्याग, विश्वास, पारिवारिक जिम्मेदारी और मानवीय रिश्तों की गहराई को भी उजागर करता है। सीमा झा लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कमलकेडिया निवासी स्व. ललन शुक्ला की बड़ी बेटी और पत्रकार नील कमल शुक्ला की बहन है। उनकी यह कार्य दोनों परिवारों का नाम रौशन कर दिया। आज बेटी किसी मामले में बेटा से कम नहीं हैं।

सीमा झा ने अपने अदम्य साहस और निःस्वार्थ प्रेम से समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है

इस प्रेरणादायी घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड सरकार के हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कोऑर्डिनेशन कमिटी के सदस्य हृदयानंद मिश्र, एडवोकेट ने सीमा झा के साहस, त्याग और समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि सीमा झा ने अपने अदम्य साहस और निःस्वार्थ प्रेम से समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका यह कदम बताता है कि पति-पत्नी का रिश्ता केवल सामाजिक अथवा पारिवारिक बंधन नहीं, बल्कि विश्वास, संवेदना और एक-दूसरे के जीवन की रक्षा के संकल्प से जुड़ा होता है।

हृदयानंद मिश्र ने कहा- आज जब समाज में मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है

हृदयानंद मिश्र ने कहा कि आज जब समाज में मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता है, ऐसे समय में सीमा झा का यह त्याग हम सभी को रिश्तों के वास्तविक अर्थ का एहसास कराता है। उन्होंने उदय ओझा और सीमा झा दोनों के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन प्रदान करें। 

सीमा झा ने अपने इस निर्णय से यह संदेश दिया है कि सच्चा प्रेम केवल शब्दों में व्यक्त नहीं होता

उन्होंने चिकित्सकों की टीम के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और चिकित्सकों की कुशलता के साथ-साथ अंगदान के प्रति जागरूकता अनेक लोगों को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सीमा झा ने अपने इस निर्णय से यह संदेश दिया है कि सच्चा प्रेम केवल शब्दों में व्यक्त नहीं होता, बल्कि जरूरत पड़ने पर त्याग और कर्म के माध्यम से अपनी पहचान बनाता है। उनका यह साहस निश्चय ही समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच और जागरूकता को प्रोत्साहित करेगा।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट