पलामू जिले के उटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा गांव के पास बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में कई स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। स्कूल के लिए जा रहा एक टेंपू अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया, जिससे वाहन में सवार छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपू में कुल 14 छात्राएं सवार थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को वाहन से बाहर निकाला गया। घायल छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल पांच छात्राओं का इलाज मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है, जबकि अन्य छात्राओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। सभी छात्राएं उटारी रोड स्थित आर.के. गांधी हाई स्कूल जा रही थीं, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के अनियंत्रित होने की वजह से यह हादसा हुआ।