सांसद विष्णु दयाल राम ने मंत्री राधा कृष्ण किशोर के साथ चियांकी एयरपोर्ट का किया निरीक्षण

सांसद पलामू विष्णु दयाल राम ने पलामू संसदीय क्षेत्र के मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट का झारखंड सरकार के मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर जी (वित्त, वाणिज्य कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग) के साथ निरीक्षण किया।

पलामू: सांसद पलामू विष्णु दयाल राम ने पलामू संसदीय क्षेत्र के मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट का झारखंड सरकार के मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर जी (वित्त, वाणिज्य कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग) के साथ निरीक्षण किया।

इस अवसर पर पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान चियांकी एयरपोर्ट के विकास एवं यहां से हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा उड़ान योजना के आगामी चरण में चैलेंज मोड फ्रेमवर्क की व्यवस्था की गई है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण एवं हवाई अड्डे के विस्तार पर होने वाले खर्च को केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने का प्रावधान है। इससे चियांकी एयरपोर्ट के विकास तथा यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू होने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।

अब राज्य सरकार पलामू की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित कर सकती है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं भूमि संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव भेजना होगा।

सांसद ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि पलामू को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिले, जिससे क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन तथा आम नागरिकों की आवागमन सुविधा को नई गति मिल सके।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट