संविधान गौरव दिवस: संविधान गोष्ठी में शामिल हुए सांसद विष्णु दयाल राम

आज पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत हुसैनाबाद स्थित ए० के० सिंह कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संविधान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

पलामू: आज पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत हुसैनाबाद स्थित ए० के० सिंह कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संविधान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पलामू  सांसद विष्णु दयाल राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भारत के संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए।

विष्णु दयाल राम ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्गदर्शक है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं अवसर प्रदान किए हैं तथा सभी नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी है।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने भारत की विविधता, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा संविधान तैयार किया, जो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि उनके दूरदर्शी विचारों और अथक प्रयासों के कारण आज हमारा लोकतंत्र सशक्त एवं जीवंत है।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए सांसद श्री राम ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय और ऐतिहासिक रही है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस महापुरुष ने देश को संविधान देने में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व से वह राजनीतिक सम्मान और सहयोग नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनके संघर्ष को राजनीतिक परिस्थितियों के कारण कई बार उपेक्षा का सामना करना पड़ा।

सांसद ने कहा कि वर्ष 1951 में हिंदू कोड बिल को लेकर तत्कालीन सरकार के रुख से असंतुष्ट होकर बाबा साहेब ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 1952 के प्रथम लोकसभा चुनाव में बाबा साहेब को मुंबई उत्तर-मध्य सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ना पड़ा, जिसमें उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। यह एक विचारणीय ऐतिहासिक प्रसंग है कि जिस संविधान निर्माता ने देश के लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया, उन्हें स्वयं लोकसभा में प्रतिनिधित्व प्राप्त करने के लिए कठिन राजनीतिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में वे राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।

श्री राम ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान और बाबा साहेब के नाम पर राजनीति करने का प्रयास करती है, लेकिन देश को यह भी जानना चाहिए कि बाबा साहेब के जीवनकाल में उनके साथ राजनीतिक स्तर पर कैसा व्यवहार किया गया। बाबा साहेब का सम्मान केवल उनके नाम का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों, सामाजिक न्याय, समानता और वंचितों के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता से होता है।

सांसद ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत, विचारों और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने तथा उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का कार्य किया गया है। संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 

संविधान दिवस एवं संविधान गौरव दिवस जैसे आयोजन हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी स्मरण कराते हैं। सांसद ने विशेष रूप से उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से कहा कि युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान का अध्ययन करना चाहिए तथा उसके मूल आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को एक जिम्मेदार, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है, जब हम संविधान की भावना के अनुरूप समाज में समरसता, सामाजिक सद्भाव और समानता को बढ़ावा दें। सांसद श्री राम ने संविधान की प्रस्तावना को दुहराते हुए सभी को प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान संविधान के प्रति सम्मान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। गोष्ठी में उपस्थित शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री अमित तिवारी, कॉलेज के सचिव श्री प्रफुल्ल कुमार सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, कॉलेज के पूर्ववर्ती छात्र श्री अभय कुमार, श्री गौरव कुमार एवं सुश्री रिंकी कुमारी, जिला सांसद प्रतिनिधि श्री विजय ओझा, वरिष्ठ नेता श्री राम प्रवेश सिंह, श्री रविन्द्र सिंह, श्री ईश्वरी पाण्डेय, सांसद के निजी सचिव श्री अलख दुबे, मंडल अध्यक्ष श्री अजय गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि श्री अखिलेश मेहता, श्री सुबोध कश्यप, श्री रंजीत पासवान सहित कॉलेज के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट