राज्य के पलामू जिले से बडी खबर है। यहां जिले के सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में नेशनल हाईवे पर बने पुलिस चेकपोस्ट तोड़े जाने के मामले में 34 नामजद और 125 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. नामजद आरोपियों में जेएलकेएम के नेता भी शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने समेत कई गंभीर आरोप हैं.
इस संबंध में डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने के मामले में 34 नामजद और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल, गुरुवार को सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में नेशनल हाइवे बाईपास के पास सड़क हादसे में मजीद अंसारी नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी. हादसे के बाद पोखराहा में ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया था और जमकर बवाल किया था. इस दौरान पुलिस की स्थायी चेकपोस्ट को तोड़ दिया गया था. बाद में सदर एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे थे और काफी देर तक लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया था.
करीब 4:30 घंटे तक बवाल हुआ था और रोड जाम हटाया गया था. ग्रामीण नेशनल हाईवे को बंद करने की मांग कर रहे थे, क्योंकि नेशनल हाईवे और पांकी रोड एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं और लगातार सड़क हादसे हो रहे थे. पिछले 15 दिनों में एक ही जगह पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है.
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट