नकाबपोश अपराधियों ने तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या, घटनास्थल पर पहुंचे पांकी विधायक

पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

तरहसी (पलामू) : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय तुलेश्वर महतो की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना के कारणों का पता लगाने और दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की।

2 बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। दुर्गा पूजा के उपरांत प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था और सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। ऐसे में इस तरह की जघन्य घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने थाना प्रभारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गोली चलाने वाले अपराधियों की तत्काल पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 

जबतक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मृतक का शव नहीं उठाया जाएगा

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जबतक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मृतक का शव नहीं उठाया जाएगा। विधायक ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की सक्रियता अपराध नियंत्रण के बजाय बालू उठाव, बाइक चालान काटने और निर्दोष लोगों को डराकर पैसे की उगाही करने जैसे मामलों में अधिक दिखाई देती है। 

आम जनता की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए

उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घटनास्थल पर विधायक ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे और आम जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट