पीडीएस दुकानों और राज्य खाद्य निगम का निरीक्षण, मौके पर पहुंचे डीएसओ

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 27, 2026, 7:46:00 PM

पलामू जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार द्वारा शनिवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों एवं राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदामों का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में चैनपुर प्रखंड के जन वितरण प्रणाली विक्रेता श्री अनिरुद्ध प्रसाद तथा सदर मेदिनीनगर प्रखंड के विक्रेता श्री राजा कुमार गुप्ता की दुकान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक, राशन वितरण कार्य, लाभुकों के बीच नमक, चना दाल, धोती, साड़ी एवं लुंगी वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित विक्रेताओं को प्रतिदिन दुकान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का नियमित वितरण करने तथा वितरण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा राज्य खाद्य निगम के चैनपुर एवं बैरिया, मेदिनीनगर स्थित गोदामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, रख-रखाव, साफ-सफाई व्यवस्था एवं अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित सहायक गोदाम प्रबंधकों को खाद्यान्न का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से भंडारण सुनिश्चित करने, गोदाम परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, सभी पंजीयों का अद्यतन संधारण करने तथा गोदाम संचालन से संबंधित आवश्यक उपकरणों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत लाभुकों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना तथा खाद्यान्न की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए वितरण केंद्रों एवं गोदामों में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित निगरानी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सके।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट