पलामू जिले के भवनाथपुर थाने की पुलिस ने एक दुकान में छापा मारकर अवैध शराब की बोतलों को जब्त किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस अब इसके नेटवर्क की जांच कर रही है।
मिली खबर के अनुसार भवनाथपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैलान गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि कैलान गांव में कपील यादव पिता कईल यादव की दुकान से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की सत्यता की पुष्टि होने के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर औचक छापेमारी की, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जिसमें हाफ बी सेवन ब्रांड की 24 बोतल तथा रॉयल ब्रांड की 25 बोतल, कुल 49 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया तथा मौके से दुकान संचालक कपील यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद कैलान सहित आसपास के इलाकों में अवैध शराब कारोबारियों और नशे के धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की है, ताकि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट