सीएसआर के तहत मिली मदद, 10 दिव्यांगजनों की राह हुई आसान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 15, 2026, 3:50:00 PM

पलामू जिले के समाहरणालय परिसर में बुधवार को आईडीबीआई बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय रांची द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष समारोह में जिले के 10 दिव्यांगजनों के बीच पेट्रोल चालित तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने लाभुकों को वाहन की चाबियां सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए कुछ सार्थक करने की उनकी लंबे समय से इच्छा रही है और आईडीबीआई बैंक ने इसमें सहयोग कर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बैंक के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन वाहनों के माध्यम से लाभुकों की आवाजाही सुगम होगी, वे अधिक आत्मनिर्भर बनेंगे तथा रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही समावेशी विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि वित्त मंत्री के नेतृत्व एवं आईडीबीआई बैंक के सहयोग से यह अत्यंत सराहनीय पहल की गई है। जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक सुविधाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंच सके। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उन्हें सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करता रहेगा।

कार्यक्रम में आईडीबीआई बैंक रांची रीजन के जीएम ऋषि गुप्ता, एजीएम अनुज सहाय, डालटनगंज शाखा प्रमुख संजीव कुमार यादव एवं टीएसएम पंकज कुमार सहित अन्य बैंक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक, एनडीसी नीरज कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने वाहन प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार, जिला प्रशासन एवं आईडीबीआई बैंक के प्रति आभार जताया।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट