बरवाडीह (पलामू) : प्रखंड के पर्यटन क्षेत्र बेतला में जिला परिषद की ओर से डाक बंगला का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला अभियंता लातेहार कार्यालय की ओर से एक करोड़ 46 लाख 15 हजार 900 रुपए की प्राक्कलित राशि से संबंधित अल्पकालीन ई-निविदा आमंत्रण सूचना जारी की गई है। योजना का निर्माण राज्य योजना के तहत कराया जाएगा। जारी निविदा सूचना के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए ई-निविदा प्रकाशन की तिथि 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई थी। इच्छुक संवेदक चार दिसंबर 2026 को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगे।
निविदा खोलने की तिथि 7 दिसंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित की गई है
वहीं, निविदा खोलने की तिथि सात दिसंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित की गई है। निविदा में कार्य पूर्ण करने की अवधि आठ महीने निर्धारित की गई है। इस कार्य के लिए दो लाख 92 हजार 400 रुपए अग्रधन राशि और 10 हजार रुपए की निर्धारित राशि का उल्लेख किया गया है। निविदा में जिला परिषद, लातेहार से संबंधित उपयुक्त श्रेणी के संवेदक भाग ले सकेंगे। बेतला क्षेत्र में डाक बंगला निर्माण होने से यहां आने वाले पर्यटकों और अन्य आगंतुकों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट