अनियंत्रित हाईवा की टक्कर से गाय व बछड़े की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस

पांकी थाना क्षेत्र के भरी गांव में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक गाय और उसके बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पलामू : पांकी थाना क्षेत्र के भरी गांव में शनिवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक गाय और उसके बछड़े की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह मुख्य पथ से गुजर रहा छारी लदा एक हाईवा अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार हाईवा पहले सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकराया और उसके बाद अपना संतुलन खोकर सड़क पर खड़ी गाय और उसके बछड़े को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। 

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही गाय और बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई

आपको बता दें कि हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही गाय और बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पांकी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है। वाहन का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पांकी थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हाईवा के कागजात और चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण रखने और पशुओं की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करने की मांग की है।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट