अनाज के रखरखाव और वितरण में बड़ी गड़बड़ी, वर्तमान व पूर्व एजीएम निलंबित, कंप्यूटर ऑपरेटर कार्यमुक्त

पलामू जिले के खाद्य आपूर्ति विभाग में अनाज के रखरखाव और वितरण में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। बैरिया स्थित खाद्यान्न गोदाम से 12,795.77 क्विंटल चावल और गेहूं का हिसाब नहीं मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

पलामू: पलामू जिले के खाद्य आपूर्ति विभाग में अनाज के रखरखाव और वितरण में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। बैरिया स्थित खाद्यान्न गोदाम से 12,795.77 क्विंटल चावल और गेहूं का हिसाब नहीं मिलने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में पूर्व एजीएम इंदेश प्रजापति, वर्तमान एजीएम नकुल कुमार मेहता और कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता के विरुद्ध शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

वहीं दोनों एजीएम को सस्पेंड कर दिया गया है। जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर को कार्यमुक्त कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि गोदाम के प्रभार में रहे दोनों एजीएम के कार्यकाल के दौरान खाद्यान्न के भंडारण और वितरण के आंकड़ों में भारी अंतर पाया गया। विभाग ने तीनों कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा था। लेकिन उनके जवाब से विभाग संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर कार्रवाई की गई। 

जांच के अनुसार पूर्व एजीएम इंदेश प्रजापति 6 फरवरी 2019 से 18 मार्च 2023 तक बैरिया गोदाम के प्रभारी थे। उनके कार्यकाल में एनएफएसए योजना के तहत 3,96,45,760 किलोग्राम खाद्यान्न प्राप्त हुआ। जबकि 3,89,31,049 किलोग्राम अनाज निर्गत किया गया।

वहीं पीएमजीकेएवाई योजना के तहत 1,83,43,720 किलोग्राम खाद्यान्न प्राप्त हुआ, जबकि 1,86,82,776 किलोग्राम निर्गत किया गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार दोनों योजनाओं के तहत खाद्यान्न के शेष स्टॉक में अंतर पाया गया।

जब इंदेश प्रजापति ने नकुल कुमार मेहता को गोदाम का प्रभार सौंपा, तब मात्र 369 किलोग्राम खाद्यान्न का हिसाब दिया गया। जांच में उनके कार्यकाल के दौरान 3,756.55 क्विंटल अनाज की कमी सामने आई।

वहीं एजीएम नकुल कुमार मेहता के कार्यकाल में 24 जून 2026 तक 10,513.24 क्विंटल चावल और 1,550.30 क्विंटल गेहूं प्राप्त हुआ था। इस दौरान गोदाम में मात्र 2,628.82 क्विंटल चावल और 395.49 क्विंटल गेहूं पाया गया।

इस तरह उनके कार्यकाल में कुल 9,039.22 क्विंटल खाद्यान्न की कमी दर्ज की गई। कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता पर भी विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है।

जांच में पाया गया कि वह प्रतिदिन गोदाम में उपस्थित रहकर आहार पोर्टल पर खाद्यान्न की रियल टाइम एंट्री नहीं कर रहे थे। साथ ही, गोदाम में अनाज की कमी होने की जानकारी भी उन्होंने अपने स्तर से जिला प्रबंधक को नहीं दी।

स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया। डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आदेश जारी कर पूर्व एजीएम इंदेश प्रजापति और वर्तमान एजीएम नकुल कुमार मेहता को निलंबित करने तथा कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया।

साथ ही तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया। इसके आलोक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार दास ने गुरुवार को शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट