जेएस कॉलेज के एनएसयूआई छात्र महासचिव परवेज़ आलम ने कॉलेज में 50 रूपये के मूल्य के फॉर्म पर उसका मूल मूल्य मिटाकर 100 रूपये वसूले जाने का आरोप लगाते हुए इसका कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलना पूरी तरह अनुचित है और यह विद्यार्थियों के आर्थिक हितों के साथ खिलवाड़ है।
परवेज़ आलम ने कहा कि कॉलेज प्रशासन को इस मामले की तत्काल जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही जिन छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली गई है, उन्हें अतिरिक्त वसूली गई रकम वापस की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म पर अंकित 50 रूपये का मूल्य मिटाकर सौ रूपये की वसूली की जा रही है, जिससे छात्रों में भारी नाराजगी है।उन्होंने कहा कि छात्र पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में इस तरह की अतिरिक्त वसूली उन पर अनावश्यक बोझ डाल रही है। छात्र हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परवेज़ आलम ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन ने शीघ्र इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की और अतिरिक्त वसूली पर रोक नहीं लगाई, तो छात्र हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सभी छात्रों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी छात्र प्रतिनिधियों को देने की अपील की।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट