आहर में डूबने से 39 वर्षीय युवक की मौत, मछली देख रहे थे, फिसला पैर

छतरपुर: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखही गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आहर में डूबने से 39 वर्षीय युवक शंकर उरांव की मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय बच्चू उरांव के पुत्र थे।

छतरपुर: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखही गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आहर में डूबने से 39 वर्षीय युवक शंकर उरांव की मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय बच्चू उरांव के पुत्र थे।

मछली देख रहे थे, फिसला पैर

जानकारी के अनुसार गांव के ही कुछ लोग आहर में मछली पकड़ रहे थे। मछली पकड़ने का नजारा देखने के लिए शंकर उरांव भी आहर के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह शंकर को आहर से बाहर निकाला। लेकिन तब तक वह पानी में काफी देर डूब चुके थे।

अस्पताल में तोड़ा दम

आहर से निकालने के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पलामू रेफर कर दिया गया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने शंकर उरांव को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि पानी में डूबने के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई है।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है।घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आहरों के किनारे सुरक्षा इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट