मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू और रांची के संबंधित विभागों के बेहतर अंतर-जिला समन्वय से काम के बहाने केरल ले जाई जा रही डालटनगंज के आबादगंज की 13 लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनमें चार नाबालिग हैं। लड़कियों को ले जा रहे एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। गोपनीय सूचना मिलते ही पलामू के श्रम अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और स्थानीय बाल कल्याण समिति (CWC), जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPO) व सहयोगी एनजीओ को सक्रिय किया। छानबीन में पता चला कि सभी लड़कियां सुबह सात बजे डालटनगंज से इंटरसिटी एक्सप्रेस पकड़कर रांची के रास्ते केरल जा रही हैं।
RPF रांची CWC और DCPO इकाई से समन्वय स्थापित कर ट्रेन व संदिग्ध गतिविधि की सटीक जानकारी साझा की गई
डालटनगंज से तुरंत अंतर-जिला स्तर पर रांची आरपीएफ रांची सीडब्ल्यूसी और डीसीपीओ इकाई से समन्वय स्थापित कर ट्रेन व संदिग्ध गतिविधि की सटीक जानकारी साझा की गई। इसी सूचना के आधार पर दोपहर 12 बजे ट्रेन के रांची पहुंचते ही आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 13 लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पलामू श्रम विभाग व संबंधित इकाइयां लगातार रांची टीम के संपर्क में रहकर अपडेट ले रही हैं और सभी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट