मेदिनीनगर: पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव निवासी इनामी नक्सली संजय यादव उर्फ गोदराम को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुंबई में उसकी पहचान तस्वीर के आधार पर की गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी की सूचना के बाद पलामू पुलिस की विशेष टीम उसे लाने के लिए मुंबई रवाना हो गई है। पहले उसे मुंबई की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया जाएगा। इसके बाद पलामू लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इधर, पुलिस 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी रीजनल कमांडर नितेश यादव की तलाश में भी जुटी है। उसके मुंबई और आसपास के इलाकों में छिपे होने की आशंका है। संजय की गिरफ्तारी को पलामू पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है। उससे पूछताछ में माओवादी संगठन के नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट