लातेहार : शिव बारात के दौरान भीड़ में घुसी निलंबित CO की तेज रफ्तार थार, कई वाहनों को रौंदा

लातेहार : शिव बारात के दौरान भीड़ में घुसी निलंबित CO की तेज रफ्तार थार, कई वाहनों को रौंदा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 16, 2026, 10:36:00 AM

महाशिवरात्रि के मौके पर निकली शिव बारात के दौरान झारखंड के लातेहार जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार थार वाहन भीड़ के बीच अनियंत्रित होकर घुस गई और कई वाहनों को टक्कर मार दी। यह घटना मनिका थाना क्षेत्र के पचफेड़ी के पास रविवार देर शाम की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस वक्त सड़क किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव बारात की झांकियां देख रहे थे। इसी दौरान मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही थार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पहले एक बाइक को, फिर एक अन्य चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थार चला रहे व्यक्ति गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में उनके साथ एक महिला भी मौजूद थी और वे कथित तौर पर नशे की हालत में थे। जब लोगों की नजर गाड़ी पर लगे ‘डिप्टी कलेक्टर’ के बोर्ड और अंदर लिखे ‘प्रशासन’ शब्द पर पड़ी, तो भीड़ का गुस्सा और बढ़ गया।

स्थिति बिगड़ती देख मनिका थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए प्रमोद कुमार को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थार वाहन सहित हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि प्रमोद कुमार पहले भी विवादों में रह चुके हैं। राज्य सरकार ने 4 नवंबर 2025 को उन पर पैसों के लेन-देन, कार्यालय में शराब सेवन और आम लोगों से दुर्व्यवहार जैसे आरोपों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया था। इसके अलावा उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा मामला भी पहले चर्चा में रहा था, जब उनकी पत्नी श्यामा रानी ने सरकारी आवास में उन्हें एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने का आरोप लगाया था।

फिलहाल इस ताजा घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।