AK-56, पिस्टल और कारतूस के जखीरे के साथ दबोचा गया इनामी नक्सली

AK-56, पिस्टल और कारतूस के जखीरे के साथ दबोचा गया इनामी नक्सली

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 14, 2026, 3:56:00 PM

झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षा एजेंसियों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए "स्पेशल ऑपरेशन KANTI" के दौरान प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के रिजनल कमिटी सदस्य रविंद्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई बांझी टोला गांव के जंगल क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर की गई।

गिरफ्तार माओवादी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की सूची में वांछित था। उस पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपये तथा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इस तरह उस पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम था।

पुलिस के अनुसार, रविंद्र गंझू पिछले लगभग तीन दशकों से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था और चंदवा, गुमला तथा लोहरदगा समेत कई इलाकों में संगठन की गतिविधियों का प्रमुख चेहरा रहा है। उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में हत्या, लेवी वसूली, सुरक्षाबलों पर हमले सहित 154 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं की साजिश और क्रियान्वयन में शामिल रहा है।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया। जब्त सामग्री में एक AK-56 ऑटोमैटिक राइफल (दो मैगजीन और 180 जिंदा कारतूस सहित), एक 7.65 एमएम ऑटोमैटिक पिस्टल (दो मैगजीन और 12 कारतूस सहित), एक सिंगल बैरल देसी राइफल, 5.56 एमएम के 21 जिंदा कारतूस, .303 बोर के 16 कारतूस तथा एक काले रंग का पाउच शामिल है।

यह संयुक्त अभियान लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा 209 बटालियन की टीम ने मिलकर संचालित किया। अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस गिरफ्तारी से संगठन की गतिविधियों पर प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।


लातेहार से विकाश कश्यप की रिपोर्ट