खूंटी-सिमडेगा सड़क पर पेड़ से टकराई तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो, दो पादरियों की मौ*त

खूंटी-सिमडेगा सड़क पर पेड़ से टकराई तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो, दो पादरियों की मौ*त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 16, 2026, 10:41:00 AM

खूंटी-सिमडेगा मुख्य सड़क पर रविवार शाम एक गंभीर सड़क दुर्घटना में दो पादरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा तोरपा थाना क्षेत्र के चकला मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन नियंत्रण खोकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय स्टेनिस लास कुजूर और 56 वर्षीय ग्रेगोरी बिलुंग के रूप में की गई है। दोनों रांची से जुड़े मिशनरी धर्म समाज के सदस्य बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, अनगड़ा, गेतलसूद और सामलोंग से लगभग 60 लोगों का एक दल पिकनिक मनाने तोरपा के चंचला घाघ गया था। लौटते समय अधिकांश लोग और बच्चे बस से वापस आ रहे थे, जबकि दोनों पादरी स्कॉर्पियो में अलग यात्रा कर रहे थे।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, शाम करीब चार बजे चकला मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज झटके के साथ पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पादरियों की मौके पर ही जान चली गई। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना प्रभारी मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय उपप्रमुख संतोष कर और ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों शवों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपे जाएंगे।

बताया गया है कि ग्रेगोरी बिलुंग ‘आपूचिन सोसाइटी’ के चेयरमैन थे, जबकि स्टेनिस लास कुजूर सामलोंग स्थित रांची विद्या सदन से जुड़े थे। इस हादसे के बाद मिशनरी समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।

थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि खूंटी जिले में पहले भी सड़क हादसों में पादरियों की जान जा चुकी है। कुछ समय पहले डोड़मा क्षेत्र में हुई दुर्घटना ने भी क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।