मुरहू हिंसा के बाद खूंटी में उबाल, अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान

मुरहू हिंसा के बाद खूंटी में उबाल, अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 30, 2026, 11:29:00 AM

झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू इलाके में हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति अब भी संवेदनशील बनी हुई है। शनिवार को हुई पथराव की घटना ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया, जिसके बाद विभिन्न संगठनों में आक्रोश देखा गया। इसी क्रम में रविवार को सर्व सनातन समाज की बैठक में जिले में अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय लिया गया, जिसे दोपहर से ही लागू कर दिया गया।

बंद के समर्थन में समाज के लोगों ने शहर में घूमकर दुकानों को बंद करवाया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में खूंटी थाना पहुंचे, जहां उन्होंने डीएसपी वरुण रजक से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उन्हें बिना शर्त रिहा किया जाए और पुलिस की कार्रवाई रोकी जाए।

पूर्व मंत्री मुंडा ने घटना की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि निर्दोष व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई उचित नहीं है और उन्हें जल्द से जल्द मुक्त किया जाना चाहिए। दूसरी ओर, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर की जा रही है।

डीएसपी वरुण रजक के अनुसार, दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक दो व्यक्तियों के खिलाफ ठोस सबूत मिले हैं, जबकि अन्य को छोड़ने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुरहू थाना में इस घटना से जुड़े कुल 10 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें तीन प्राथमिकी प्रशासन की ओर से दर्ज कराई गई हैं। इस बीच, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी-अपनी बातें रखीं। कुछ नेताओं ने कानून-व्यवस्था और धार्मिक जुलूसों के प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए, जबकि एक पक्ष ने हमले की नीयत से मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी है।