तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक चालक की मौत

जामताड़ा थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे लाल रंग के ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

जामताड़ा थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों गांव के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे लाल रंग के ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिणबहाल अंतर्गत आसनहेरिया गांव निवासी शिवशंकर साधु उम्र लगभग 21 वर्ष (पिता कमल साधु) के रूप में हुई है। 

जानकारी के अनुसार शिवशंकर साधु अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या जेएच 21 आर 1042 से धनबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भंडारों गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक लाल रंग के ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जामताड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर मरांडी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। अपने परिवार के सदस्य की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट