मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर 2026 के कार्य को जिले में सबसे पहले और वक्त पर पूरा करने वाली नाला प्रखंड की दो बूथ लेवल ऑफिसर को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया है।
जामताड़ा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर सम्हर्ता पूनम कचछप के पर्यवेक्षण में प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी ने दोनों बीएलओ को प्रशस्वी पत्र एवं अंग वस्त्र भेंट कर उनके कार्य की सराहना की। सम्मानित होने वाले में मतदान केंद्र संख्या 203 की बीएलओ अनीता महतो और मतदान केंद्र संख्या 226 की बीएलओ ममता मुर्मू शामिल है।
दोनों ने एसआईआर 2026 के तहत मतदाताओं के गणना प्रपत्र का वितरण, संग्रहण और उसके डिजिटाइजेशन का कार्य निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा किया था। प्रशस्ति पत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य को सराहनीय एवं अनुकरणीय बताया गया है, साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई है।
इस अवसर पर वीडियो आकांक्षा कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम होती है। घर-घर जाकर मतदाता सूची को दुरुस्त करना आसान काम नहीं है। नाला प्रखंड की अनीता और ममता ने जिस निष्ठा और जिम्मेदारी से काम किया है, वह अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में प्रखंड के अन्य कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। प्रशासन ने कहा है कि आगे भी ऐसे बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को भी इसी तरह सम्मानित किया जाएगा ताकि फील्ड स्तर पर काम करने वालों का मनोबल बढे ।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट