160 किमी की साष्टांग दंडी यात्रा पर निकले शिवभक्त कुणाल नाला, हुआ भव्य स्वागत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 9:12:00 AM

आस्था और संकल्प की मिसाल बनकर पश्चिम बंगाल के केंन्दरा गांव निवासी 20 वर्षीय शिवभक्त कुणाल बाद्यकर इन दिनों साष्टांग दंडी देते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर की ओर बढ़ रहे हैं। मंगलवार को उनकी पदयात्रा का 11वां दिन था। वह पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा पार करते हुए  अफजलपुर होते हुए वह नाला प्रखंड के चालेपाड़ा मोड़ पहुंचे। यहां से गुजरते समय नाला के बजरंगबली चैक में श्रद्धालुओं ने फूल-माला और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। 

दंडी यात्रा के दौरान कुणाल ने बताया कि वह किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि पूरे मानव जगत के कल्याण, सुख-समृद्धि और अमन-चैन की कामना के लिए बाबा बैद्यनाथ को जलाभिषेक करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन यात्रा में शरीर जरूर थकता है, लेकिन बाबा का नाम लेने से नई ऊर्जा मिल जाती है। मेरी मन्नत है कि देश-दुनिया में शांति बनी रहे।

रास्ते भर शिवभक्तों में कुणाल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। नाला में ग्रामीण महिलाओं ने उन्हें शरबत और फल खिलाकर आभार जताया। जगह-जगह लोग दंडी प्रणाम कर उनकी हौसला-अफजाई कर रहे हैं।कुणाल ने बताया कि रात्री विश्राम नाला में ही करेंगे और बुधवार सुबह वह सीतामुढ़ी के रास्ते देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे। पश्चिम बंगाल से देवघर तक उनकी इस दंडी यात्रा की कुल दूरी लगभग 160 किलोमीटर है। बाबा नगरी की ओर बढ़ते इस युवा शिवभक्त की आस्था देखकर हर कोई नतमस्तक है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट