पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए ठगी करने वाले 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

जामताड़ा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि नारायणपुर थाना अंतर्गत मुरलीपहाड़ी से ईदगाह मोड़ जाने वाली पक्की सड़क के उत्तर फुलझरिया स्थित पानी टंकी के पास बांस झाड़ में कुछ साइबर अपराधी छिपकर ठगी की घटना को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। दल में पु०नि०-सह-थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु०नि० गुलशन कुमार सिंह और पु०अ०नि० हीरालाल महतो शामिल थे।पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से तीन आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी, उम्र 28 वर्ष, शाहजहाँ अंसारी, उम्र 40 वर्ष तथा जिसान अंसारी, उम्र 24 वर्ष है।ये तीनों आरोपी ग्राम बन्दरचुआ, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा के रहने वाले हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड जब्त किए हैं।

इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 65/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, इनका तरीका बेहद शातिर था। ये लोग गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डाल देते थे।

जब कोई ग्राहक उस नंबर पर अपनी समस्या लेकर कॉल करता था, तो ये उसे समस्या सुलझाने के बहाने उसके मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाते थे और फिर उसकी बैंक की सारी गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे।इनका कार्यक्षेत्र मुख्यतः देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था।

 जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट