जामताड़ा में स्टेशन मास्टर के साथ हुए लूटकांड का खुलासा, हथियार समेत नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा में स्टेशन मास्टर के साथ हुए लूटकांड का खुलासा, हथियार समेत नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 26, 2026, 4:46:00 PM

जामताड़ा पुलिस ने रेलवे कर्मचारी से हुई छिनतई की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार, कारतूस, बाइक, मोबाइल फोन और लूट से जुड़ा सामान बरामद किया है। मामले का खुलासा मंगलवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने किया।

एसपी के अनुसार, 4 मई को जामताड़ा थाना क्षेत्र स्थित ठोकीपाड़ा कब्रिस्तान के समीप काश्तीआंड हॉल्ट के स्टेशन मास्टर मोहम्मद इरफान अंसारी से अपराधियों ने छिनतई की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

जांच के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ अपराधी शहरडाल गांव में इकट्ठा होकर किसी अन्य घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसआईटी ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए, हालांकि एक नाबालिग को पकड़ लिया गया।

पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो स्मार्टफोन, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा छिनतई से संबंधित सामान बरामद किया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बरामद वस्तुओं का संबंध अन्य आपराधिक घटनाओं से भी हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार नाबालिग पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। एसपी ने बताया कि उसका नाम मिहिजाम गोलीकांड सहित लूट और छिनतई की विभिन्न घटनाओं में सामने आ चुका है। वह पूर्व में जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसने फिर से अपराधियों के संपर्क में आकर गतिविधियां शुरू कर दीं।

जांच एजेंसियों को यह जानकारी भी मिली है कि इसी गिरोह ने हाल के दिनों में चितरंजन नॉर्थ क्षेत्र में एक महिला से मोबाइल फोन, पर्स और चेन छीनने की घटना को भी अंजाम दिया था।

इस कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, अलित सागर केरकेट्टा, सहायक अवर निरीक्षक सूजन कुमार रवानी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।