जामताड़ा : डंपर की चपेट में स्कूटी सवार युवक की मौ*त, ग्रामीणों ने रोड जाम कर किया बवाल

जामताड़ा : डंपर की चपेट में स्कूटी सवार युवक की मौ*त, ग्रामीणों ने रोड जाम कर किया बवाल

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 28, 2026, 1:39:00 PM

जामताड़ा शहर में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। दुमका रोड पर स्थित एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्कूटी और डंपर के बीच हुई दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और विरोधस्वरूप मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे साइडिंग से कोयला उतारकर लौट रहा एक डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रहा था। उसी समय पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पंप परिसर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी असंतुलित हो गई और तीनों युवक भारी वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान तीलाबाद निवासी रोनित राय के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला। दोनों घायल युवकों को पहले जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

घटना के समय क्षेत्र में मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तेजी दिखाते हुए राहत कार्य में सहयोग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। सीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ वसीम रजा ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने दुमका रोड को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन कर रहे लोग दुर्घटना के जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश देकर माहौल शांत कराने की कोशिश की।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपरों और अन्य भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था सख्त करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।